चित्तौड़गढ़। उपखंड चित्तौड़गढ़ की ग्राम पंचायत कश्मोर मुख्यालय पर जिला कलक्टर आलोक रंजन की अध्यक्षता में रात्रि चौपाल एवं जनसुनवाई का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में लगभग 35 परिवाद प्राप्त हुए, जिनमें से कई मामलों का मौके पर ही निस्तारण किया गया।
इस अवसर पर होनहार विद्यार्थियों का सम्मान किया गया, नवविवाहित दंपतियों को विवाह प्रमाण पत्र प्रदान किए गए तथा स्वामित्व योजना के तहत ग्रामीणों को 11 प्रॉपर्टी पत्र वितरित किए गए।
शिक्षा और CSR पर विशेष ध्यान-
जनसुनवाई में छात्रा हर्षिता सुथार ने अपने उज्ज्वल भविष्य पर विचार साझा किए। जिला कलक्टर ने विद्यार्थियों को “काक चेष्टा, बगुला ध्यान” का उदाहरण देते हुए निरंतर अध्ययन और एकाग्रता का महत्व समझाया। गणित शिक्षक की कमी पर उन्होंने CSR के माध्यम से शिक्षक व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। विद्यालय की मरम्मत और चारदीवारी निर्माण के लिए भी CSR के तहत तत्काल कार्रवाई का आदेश दिया गया।
ग्रामीण समस्याओं पर संवेदनशील सुनवाई-
चौपाल में गौशाला हेतु भूमि आवंटन, विद्यालय भवन की मरम्मत, नरपत खेड़ी में पानी की टंकी, यूआईटी योजना में प्लॉट आवंटन, सड़क निर्माण, पिपली मार्ग पर बिजली के खंभे हटाना, साफ-सफाई अभियान, जन्म प्रमाण पत्र एवं आधार संबंधी समस्याओं जैसी मांगों की सुनवाई की गई। जिला कलक्टर ने गौशाला संचालन पहले शुरू करने और भूमि आवंटन पर विचार करने के निर्देश दिए। नरपत खेड़ी में पानी की टंकी तीन दिन में भरने और ग्राम में सात दिन में साफ-सफाई अभियान शुरू करने के आदेश दिए।
अतिक्रमण और चारागाह भूमि-
चारागाह भूमि एवं अन्य अतिक्रमण मामलों पर तहसीलदार को सात दिन में कार्रवाई और प्रतिवेदन प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए। खेल मैदान के विकास के लिए CSR का उपयोग करने और विद्यालय के सामने गंदे पानी की निकासी सुनिश्चित करने के भी आदेश जारी किए गए।
पेंशन, प्रमाण पत्र और सामाजिक सुरक्षा-
चौपाल में वृद्धावस्था पेंशन और जन्म प्रमाण पत्र मौके पर ही जारी किए गए। समाज कल्याण विभाग के 71 पेंशनरों और 18 दिव्यांगजनों की समीक्षा कर बंद पड़ी पेंशन का सत्यापन कराने के निर्देश दिए गए। जिला कलक्टर ने समाज कल्याण विभाग के राहुल सेन के उत्कृष्ट कार्य की सराहना की।
कार्यक्रम में अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी राकेश पुरोहित, उपखंड अधिकारी बिनु देवल, तहसीलदार विपिन चौधरी, विकास अधिकारी समुंदर सिंह, मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी प्रमोद दसोरा, सीएमएचओ ताराचंद गुप्ता सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। रात्रि चौपाल ने प्रशासन का स्पष्ट संदेश दिया कि आमजन की समस्याओं का त्वरित और प्रभावी समाधान ही सुशासन की पहचान है।