मनासा। कलेक्टर हिमांशु चंद्रा ने बुधवार को मनासा क्षेत्र के भ्रमण के दौरान ग्राम बरलई स्थित आंगनवाड़ी केंद्र का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान आंगनवाड़ी संचालित पाई गई, जहां 9 बच्चे उपस्थित मिले। आंगनवाड़ी कार्यकर्ता ने बताया कि शेष पंजीकृत बच्चे स्कूल गए हुए हैं। इस पर कलेक्टर ने बच्चों के स्कूल प्रवेश की जानकारी लेते हुए निर्देश दिए कि कोई भी बच्चा स्कूल में प्रवेश से वंचित न रहे तथा अभिभावकों से संपर्क कर सभी बच्चों का नामांकन सुनिश्चित किया जाए।
कलेक्टर ने आंगनवाड़ी में संचालित शाला पूर्व शिक्षा गतिविधियों की जानकारी ली और बच्चों की वर्कबुक का अवलोकन किया। वर्कबुक में शाला पूर्व गतिविधियां नहीं पाए जाने पर उन्होंने नाराजगी व्यक्त करते हुए संबंधित कार्यकर्ता के विरुद्ध कार्रवाई के निर्देश एसडीएम को दिए।
इस दौरान कलेक्टर ने ग्रामीणों से चर्चा कर आंगनवाड़ी एवं स्कूल में बच्चों को मिलने वाले गर्म पके मध्याह्न भोजन के नियमित वितरण और भोजन की गुणवत्ता की भी जानकारी ली।