ग्वालियर। केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ग्वालियर दौरे पर पहुंचे, जहां भाजपा कार्यकर्ताओं ने एयरपोर्ट पर उनका जोरदार स्वागत किया। इस दौरान उन्होंने फसल बीमा, भारत-अमेरिका ट्रेड डील, चीतों की बढ़ती संख्या और भोजशाला की एएसआई रिपोर्ट सहित कई राजनीतिक और समसामयिक मुद्दों पर प्रतिक्रिया दी।
चंद्रशेखर आजाद को किया नमन
शिवराज सिंह ने क्रांतिकारी चंद्रशेखर आजाद के शहादत दिवस पर उन्हें नमन करते हुए कहा कि उन्होंने देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर किया और वे आज भी प्रेरणा स्रोत हैं। उन्होंने कहा कि देश के लिए ईमानदारी से कर्तव्य निभाना ही सच्ची देशभक्ति है और स्वदेशी अपनाकर भारत को आगे बढ़ाना चाहिए।
पीएम मोदी के नेतृत्व में विकसित भारत
इजरायल की संसद में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के भाषण का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि भारत तेज गति से आगे बढ़ रहा है और विश्व को बेहतर दिशा देने में सक्षम होगा।
चीतों के आगमन से बढ़ेगा पर्यटन
मध्य प्रदेश के कूनो में चीतों की बढ़ती संख्या पर उन्होंने कहा कि यह प्रदेश के लिए खुशी की बात है। इससे पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा, पर्यावरण संरक्षण होगा और वन्यजीवों के प्रति संवेदनशीलता बढ़ेगी।
फसल बीमा राशि पर आश्वासन
फसल बीमा राशि को लेकर उन्होंने कहा कि किसानों का हक उन्हें जरूर मिलेगा और सरकार लगातार योजनाओं के जरिए किसानों का जीवन बेहतर बनाने का काम कर रही है।
कांग्रेस पर साधा निशाना, भोजशाला रिपोर्ट कोर्ट में
भारत-अमेरिका ट्रेड डील को लेकर कांग्रेस के आरोपों पर उन्होंने कहा कि किसानों के हित पूरी तरह सुरक्षित हैं। वहीं भोजशाला की एएसआई रिपोर्ट के संबंध में उन्होंने कहा कि मामला न्यायालय में है, इसलिए अंतिम निर्णय वहीं होगा।