नीमच। जिले में शासन संधारित मठ-मंदिरों के पुजारियों ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर शुक्रवार को कलेक्टर के नाम ज्ञापन सौंपा। अखिल भारतीय संत समिति धर्म समाज पुजारी इकाई, जिला नीमच के पदाधिकारियों ने ज्ञापन के माध्यम से मंदिरों की कृषि भूमि पर खेती करने वाले पुजारियों की फार्मर आईडी बनाने की मांग उठाई।
ज्ञापन में बताया गया कि शासन संधारित कई मंदिरों की कृषि भूमि पर पुजारी खेती करते हैं, लेकिन किसानों की तरह उनकी फार्मर आईडी अब तक नहीं बनाई गई है। वर्तमान में लागू ई-टोकन प्रणाली के कारण खाद एवं अन्य कृषि सुविधाएं केवल उन्हीं किसानों को मिल पा रही हैं, जिनकी फार्मर आईडी बनी हुई है। ऐसे में पुजारियों को भी किसान का दर्जा देते हुए उनकी फार्मर आईडी बनाई जाए, ताकि वे शासन की योजनाओं एवं कृषि सुविधाओं का लाभ प्राप्त कर सकें।
इसके अलावा संत समिति ने मांग की कि मंदिरों की कृषि भूमि पर यदि किसी प्रकार का अतिक्रमण है तो उसका सीमांकन कराकर अतिक्रमण हटाया जाए तथा भूमि मंदिर एवं पुजारियों को पुनः सुपुर्द की जाए। समिति के पदाधिकारियों ने प्रशासन से पुजारियों की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए शीघ्र आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की।