नीमच। कथित एप्स्टीन फाइल्स में हुए खुलासों को लेकर शुक्रवार को महिला कांग्रेस ने नीमच के विजय टॉकीज चौराहा पर विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने केंद्रीय मंत्री के खिलाफ नारेबाजी करते हुए उनका पुतला दहन किया और इस्तीफे की मांग की।

महिला कांग्रेस जिलाध्यक्ष आशा सांभर के नेतृत्व में आयोजित प्रदर्शन में बड़ी संख्या में महिला कांग्रेस कार्यकर्ता एवं कांग्रेस पदाधिकारी शामिल हुए। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि मामले में नाम सामने आने के बाद संबंधित मंत्री को नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए पद से इस्तीफा देना चाहिए।

कार्यक्रम के दौरान कार्यकर्ताओं ने तख्तियां और बैनर लेकर केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की तथा मामले की निष्पक्ष जांच की मांग उठाई। महिला कांग्रेस पदाधिकारियों ने कहा कि जब तक मामले की सच्चाई सामने नहीं आती और जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई नहीं होती, तब तक विरोध जारी रहेगा।

इस अवसर पर महिला कांग्रेस के साथ सेवादल, यूथ कांग्रेस, एनएसयूआई सहित विभिन्न संगठन के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। प्रदर्शन के अंत में केंद्रीय मंत्री का पुतला दहन कर विरोध दर्ज कराया गया।
