शाजापुर। जिले के मक्सी थाना क्षेत्र के मक्सी नगर स्थित होंडा शोरूम में उस समय हंगामा मच गया, जब आरसी कार्ड लेने पहुंचे एक युवक और शोरूम कर्मचारियों के बीच विवाद हो गया।
जानकारी के अनुसार, शुरुआत मामूली कहासुनी से हुई, लेकिन देखते ही देखते मामला बढ़कर मारपीट में बदल गया। विवाद की सूचना मिलते ही दोनों पक्षों के अन्य लोग भी मौके पर पहुंच गए, जिससे शोरूम परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
आरोप है कि गुस्साए लोगों ने शोरूम के अंदर रखे सामान के साथ तोड़फोड़ की और कर्मचारियों के साथ मारपीट की। घटना के दौरान मौजूद लोगों ने पूरे घटनाक्रम का वीडियो बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
घटना के बाद दोनों पक्ष मक्सी थाने पहुंचे और एक-दूसरे पर गंभीर आरोप लगाते हुए एफआईआर दर्ज करने की मांग की। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने रात करीब 9 बजे से प्रकरण दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है और यह स्पष्ट होना बाकी है कि कितने लोगों के खिलाफ और किन-किन धाराओं में मामला दर्ज किया जाएगा।