शिवपुरी। रंगो के त्योहार होली पर्व को देखते हुए और जिले में शांति व्यवस्था बनाये रखने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह से अलर्ट मोड में है। सोमवार शाम शिवपुरी शहर में पुलिस द्वारा फ्लैग मार्च निकाला गया। इस फ्लैग मार्च में शिवपुरी पुलिस अधीक्षक अमन सिंह राठौड़, एडिशनल एसपी संजीव मुले, एसडीओपी संजय चतुर्वेदी सहित कोतवाली, देहात, फिजिकल, अजाक और महिला थाना प्रभारी भारी पुलिस बल के साथ शामिल हुए।
यह फ्लैग मार्च पुलिस कंट्रोल रूम से प्रारंभ हुआ जो शहर के प्रमुख मार्गों पोहरी चौराहा, मनियर , कस्टम गेट, कोर्ट रोड़, माधव चौक, नीलगर चौराहा, गुरुद्वारा होते हुए बापस कंट्रोल रूम पर समाप्त हुआ पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि होली के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था या शांति भंग करने के प्रयास को सख्ती से रोका जाएगा। शहर के प्रमुख चौराहों और होलिका दहन स्थलों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी, और आवश्यकता पड़ने पर अतिरिक्त बल भी तैनात किया जाएगा।