नीमच। मानवता की सेवा के संकल्प के साथ अग्रवाल विकास समिति, नीमच (सीएसवी अग्रोहा भवन) एवं श्री भगवान महावीर दिव्यांग सहायता समिति, जयपुर के संयुक्त तत्वावधान में 15 से 17 मार्च 2026 तक एक विशाल नि:शुल्क कृत्रिम अंग प्रत्यारोपण एवं उपकरण वितरण शिविर का आयोजन किया जा रहा है।
त्रि-दिवसीय इस शिविर का मुख्य उद्देश्य क्षेत्र के लगभग 1000 दिव्यांग भाइयों और बहनों को चिन्हित कर उन्हें आत्मनिर्भर बनाना और उनके जीवन की बाधाओं को दूर करना है।
इस दौरान दिव्यांगजनों को विश्व प्रसिद्ध जयपुर फुट (कृत्रिम पैर), कृत्रिम हाथ, कैलिपर्स (विशेष जूते), बैसाखियां, वॉकर, छड़ी, ट्राई साइकिल, व्हीलचेयर और श्रवण यंत्र जैसी सुविधाएं पूरी तरह नि:शुल्क प्रदान की जाएंगी। शिविर रविवार प्रातः 9 बजे से शुरू होकर मंगलवार दोपहर 3 बजे तक चलेगा।
लाभार्थियों के लिए आवश्यक है कि वे अपना दिव्यांग प्रमाण-पत्र (UDID) और आधार कार्ड साथ लाएं। समिति ने क्षेत्र के सभी जरूरतमंदों से अनुरोध किया है कि वे इस सुविधा का लाभ उठाने के लिए 10 मार्च 2026 तक पंजीकरण अवश्य कराएं। पंजीकरण सीएसवी अग्रोहा भवन में सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक किया जा सकता है।
अधिक जानकारी और पंजीकरण के लिए मोबाइल नंबर 6260614304 पर संपर्क किया जा सकता है। आयोजन समिति का प्रयास है कि कोई भी पात्र दिव्यांग इस सुविधा से वंचित न रहे और समाज की मुख्यधारा से जुड़कर सम्मानजनक जीवन जी सके।