नीमच। सराफा बाजार में सोमवार को दिनदहाड़े हुई लूट की वारदात से क्षेत्र में सनसनी फैल गई थी। मंगलम ज्वेलर्स के व्यापारी मनीष सिंघल के मुनीम करीब 60 ग्राम सोना पलटाई के लिए स्वास्तिक बुलियन ले जा रहे थे। इसी दौरान अज्ञात बदमाशों ने रास्ते में उन्हें निशाना बनाकर लूट की वारदात को अंजाम दिया था।

घटना के बाद मुनीम गली के पास बेहोशी की हालत में मिले और उनके पास रखा सोना गायब था। व्यापारी मनीष सिंघल तत्काल मौके पर पहुंचे थे और मुनीम को श्रीराम हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था। दिनदहाड़े हुई इस घटना से सराफा बाजार में भय का माहौल है। व्यापारियों ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर नाराजगी जताई है और पुलिस से जल्द खुलासे की मांग की है।

सूत्रों के अनुसार पुलिस को जांच के दौरान कुछ अहम सुराग हाथ लगे हैं और मामले में महत्वपूर्ण सफलता मिलने की संभावना है। सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं तथा संदिग्धों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की गहन जांच जारी है और शीघ्र ही आधिकारिक खुलासा किया जाएगा।
