नीमच। शहर के पूर्व विधायक डॉ. सम्पत स्वरूप जाजू ने एक बयान जारी कर नीमच की हवाई पट्टी के उन्नयन कर इसे हवाई सेवाओं से जोड़ने की मांग की है।
डॉ. जाजू ने कहा कि मध्यप्रदेश सरकार पिछले कई वर्षों से प्रदेश में हवाई सेवाओं का विस्तार करने तथा हवाई पट्टियों का उन्नयन कर उन्हें एयरपोर्ट के रूप में विकसित करने की योजना बना रही है। इस योजना के तहत प्रदेश के कई छोटे शहरों में एयरपोर्ट विकसित होकर हवाई सेवाओं से जुड़ भी चुके हैं।
उन्होंने बताया कि पश्चिमी मध्यप्रदेश के अंतिम जिले नीमच में मालवा अंचल की लगभग 125 वर्ष पुरानी हवाई पट्टी मौजूद है, लेकिन यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि जिम्मेदार लोगों की निष्क्रियता और उदासीनता के कारण इसे आज तक छोटे एयरपोर्ट के रूप में विकसित नहीं किया जा सका।
डॉ. जाजू ने कहा कि वर्तमान में नीमच के लोग देश के विभिन्न शहरों के लिए हवाई यात्रा करने हेतु उदयपुर, अहमदाबाद और इंदौर जैसे शहरों के एयरपोर्ट का उपयोग करते हैं। प्रतिदिन यहां से कई लोग इन शहरों तक जाकर हवाई सेवाओं का लाभ लेते हैं।
उन्होंने बताया कि केंद्र सरकार ने वर्षों पहले UDAN (Ude Desh ka Aam Nagrik) योजना के माध्यम से छोटे शहरों को हवाई सेवाओं से जोड़ने की पहल की थी। इसके बावजूद नीमच की हवाई पट्टी के विकास का दावा करने वाले जिम्मेदार लोग इसके उन्नयन की दिशा में कोई ठोस प्रयास नहीं कर रहे हैं।
डॉ. जाजू ने उम्मीद जताई कि क्षेत्र के जिम्मेदार जनप्रतिनिधि और अधिकारी अब कुंभकर्णी नींद से जागेंगे और केंद्र व राज्य सरकार की हवाई सेवाओं की योजनाओं का लाभ नीमच को दिलाने के लिए गंभीर प्रयास करेंगे।