नीमच। शहर में इन दिनों कमर्शियल गैस सिलेंडर की किल्लत से होटल और रेस्टोरेंट कारोबार प्रभावित हो रहा है। पिछले दो दिनों से कमर्शियल गैस सिलेंडर की सप्लाई ठप होने के कारण कई होटल और ढाबा संचालक अब लकड़ी, कंडा और पारंपरिक भट्ठियों के सहारे काम चलाने को मजबूर हैं।

बताया जा रहा है कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर ईरान-इजराइल के बीच बढ़ते तनाव के बाद बनी परिस्थितियों का असर ऊर्जा बाजार पर पड़ रहा है, जिसके चलते कमर्शियल गैस की आपूर्ति प्रभावित हुई है।

होटल और ढाबा संचालकों का कहना है कि गैस सिलेंडर नहीं मिलने से स्थिति किसी आपातकाल से कम नहीं है। कई स्थानों पर होटल संचालक अब पारंपरिक ईंधन के सहारे भोजन तैयार करने की तैयारी कर रहे हैं। उनका कहना है कि यदि जल्द ही कमर्शियल गैस की सप्लाई शुरू नहीं हुई तो खाने-पीने की वस्तुओं के दाम बढ़ाना मजबूरी हो जाएगी, क्योंकि लकड़ी और अन्य ईंधन महंगे मिल रहे हैं, जिससे लागत बढ़ रही है। इसका सीधा असर आम उपभोक्ताओं की जेब पर पड़ेगा।

वहीं गैस एजेंसी संचालकों के अनुसार मौजूदा परिस्थितियों को देखते हुए भारत सरकार के निर्देश पर फिलहाल कमर्शियल गैस सिलेंडर की सप्लाई सीमित कर दी गई है। प्राथमिकता घरेलू गैस उपभोक्ताओं को दी जा रही है, ताकि घरों में गैस की आपूर्ति प्रभावित न हो। फिलहाल कमर्शियल गैस सिलेंडर की आपूर्ति केवल अस्पतालों को की जा रही है।
