नीमच। रसोई गैस की उपलब्धता को लेकर शहर में उपभोक्ताओं की परेशानी लगातार बढ़ती जा रही है। इस संबंध में पूर्व पार्षद हारून रशीद ने बयान जारी कर कहा कि सरकार और गैस कंपनियों की ओर से बार-बार कहा जा रहा है कि अमेरिका-ईरान के बीच चल रहे तनाव के बावजूद रसोई गैस का कोई संकट नहीं है और उपभोक्ताओं को घबराने की जरूरत नहीं है।
उन्होंने कहा कि यदि वास्तव में गैस का कोई संकट नहीं है, तो फिर उपभोक्ताओं को बुकिंग के साथ सिलेंडर की डिलीवरी क्यों नहीं दी जा रही। 28 फरवरी से पहले तक उपभोक्ताओं को बुकिंग के साथ ही घर पर सिलेंडर मिल जाता था। ऑनलाइन बुकिंग व्यवस्था होने के कारण अधिकतर मामलों में उसी दिन या अगले दिन गैस सिलेंडर की डिलीवरी हो जाती थी और उपभोक्ताओं को एजेंसी के दफ्तर या गोदाम पर जाने की आवश्यकता नहीं पड़ती थी।
पूर्व पार्षद ने कहा कि वर्तमान स्थिति में बुकिंग के बाद भी सिलेंडर समय पर नहीं मिल रहा है, जिसके कारण उपभोक्ताओं को खाली सिलेंडर लेकर गैस एजेंसियों के बाहर लंबी कतार में खड़ा होना पड़ रहा है। इससे लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
उन्होंने सरकार से मांग की कि इस मामले में स्थिति स्पष्ट की जाए और यदि गैस की कमी नहीं है तो पूर्व की तरह घर-घर डिलीवरी व्यवस्था शुरू कराई जाए। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि समय रहते व्यवस्था नहीं सुधारी गई तो उपभोक्ताओं की परेशानी बढ़ सकती है और कानून-व्यवस्था की स्थिति भी प्रभावित हो सकती है।
पूर्व पार्षद ने कहा कि भले ही आधिकारिक रूप से संकट से इंकार किया जा रहा हो, लेकिन सिलेंडर समय पर उपलब्ध नहीं होने से आम उपभोक्ता को भारी परेशानी उठानी पड़ रही है।