नीमच। घरेलू और कमर्शियल गैस सिलेंडरों की कथित किल्लत तथा बढ़ती कीमतों के विरोध में कांग्रेस ने शनिवार को शहर में अनोखे अंदाज में प्रदर्शन किया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने हाथों में तख्तियां लेकर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और ठेला गाड़ी पर गैस सिलेंडर को फूलमालाओं से सजाकर विरोध जुलूस निकाला।
प्रदर्शन के दौरान तख्तियों पर “सरेंडर और सिलेंडर”, “सिलेंडर फिर महंगा”, “महंगाई का बजट झुलसा”, “आपदा में अवसर” जैसे नारे लिखे थे, जिनके माध्यम से केंद्र सरकार की नीतियों पर कटाक्ष किया गया।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने गांधी भवन से ठेला गाड़ी पर गैस सिलेंडर रखकर जुलूस निकाला, जो विभिन्न मार्गों से होते हुए विजय टॉकीज चौराहे पर पहुंचा। यहां कांग्रेसजन धरने पर बैठ गए और गैस की बढ़ती कीमतों व आपूर्ति में आ रही परेशानी को लेकर जोरदार नारेबाजी की।
ठेला गाड़ी पर लगे बैनर पर “नाले की गैस से बनी मोदी की चाय की दुकान” लिखा हुआ था। प्रतीकात्मक विरोध के रूप में ठेले पर लकड़ियां भी रखी गई थीं। कार्यकर्ता लकड़ी और गैस सिलेंडर लेकर चौराहे पर बैठ गए और महंगाई के खिलाफ प्रदर्शन किया।
इस दौरान सभा को संबोधित करते हुए जिला कांग्रेस अध्यक्ष तरुण बाहेती ने कहा कि सरकार गैस आपूर्ति को लेकर जनता को भ्रमित कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि जिले में घरेलू और कमर्शियल गैस सिलेंडरों की आपूर्ति व्यवस्था प्रभावित है, जिससे शादी-ब्याह और होटल-रेस्टोरेंट व्यवसाय पर असर पड़ रहा है।
कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि गैस आपूर्ति व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ और बढ़ती कीमतों पर नियंत्रण नहीं किया गया, तो कांग्रेस आंदोलन को और तेज करेगी।