मन्दसौर। जिले के श्री नालछा माता मंदिर में इस वर्ष चैत्र नवरात्रि 19 मार्च 2026, गुरुवार से शुरू हो रही है। नालछा माताजी मंदिर में तैयारियां पूरी जोरों पर हैं। नवरात्रि के पहले दिन 19 मार्च (एकम) को प्रातः 7:00 बजे शुभ मुहूर्त में घटस्थापना का आयोजन किया जाएगा।
परंपरा अनुसार इस वर्ष भी माता नालछा रानी का विशेष पंचमी श्रृंगार 23 मार्च (सोमवार) को किया जाएगा। इस दिन माता रानी को सोने-चांदी के आभूषणों और विशेष श्रृंगार से सजाया जाएगा। उत्सव में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के आने की उम्मीद है।
नवमी के दिन, 27 मार्च (शुक्रवार) को सायंकाल 6 बजे मंदिर परिसर में विशेष हवन का आयोजन होगा। इसके बाद दशमी, 28 मार्च (शनिवार) को प्रातः 10:00 बजे कन्या पूजन किया जाएगा। वहीं, शाम 4 बजे वाड़ी (जवारे) विसर्जन कार्यक्रम संपन्न होगा।
मंदिर समिति ने बताया कि नवरात्रि महोत्सव के समापन के बाद 5 अप्रैल, रविवार को प्रातः 11 बजे से विशाल महाप्रसादी भंडारे का आयोजन किया जाएगा।