चित्तौड़गढ़। वंडर सीमेंट लिमिटेड, निम्बाहेड़ा के नींव इनिशिएटिव के तहत यूनिट हेड नितिन जैन के निर्देशन में संचालित उड़ान कार्यक्रम के अंतर्गत वंडर रूरल डेवलपमेंट सेंटर में कैरियर काउंसलिंग का भव्य सेमिनार आयोजित किया गया। सेमिनार में निम्बाहेड़ा क्षेत्र के विभिन्न राजकीय विद्यालयों के 12वीं कक्षा के 100 से अधिक छात्र-छात्राओं ने भाग लिया।
सेमिनार में शिक्षाविदों एवं विषय विशेषज्ञों ने विद्यार्थियों को उनकी योग्यता, क्षमता और रुचि के अनुसार सही कैरियर चुनने के बारे में जानकारी दी। इस दौरान कैरियर चयन से जुड़ी चुनौतियों, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी तथा विभिन्न क्षेत्रों में उपलब्ध अवसरों पर विस्तार से मार्गदर्शन दिया गया। विद्यार्थियों के प्रश्नों का समाधान करते हुए उन्हें लक्ष्य प्राप्ति के लिए कठिन परिश्रम और एकाग्रता बनाए रखने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम में राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय कोटड़ी कलां के व्याख्याता कुलदीप सिंह चौधरी, राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय बांसा के वरिष्ठ अध्यापक सुरेश कुमावत तथा डाइट चित्तौड़गढ़ की व्याख्याता नीलम प्रजापति ने भी विद्यार्थियों को भविष्य के लिए उचित क्षेत्र चयन करने के लिए मार्गदर्शन दिया।
उल्लेखनीय है कि वंडर सीमेंट प्रबंधन द्वारा शिक्षा के क्षेत्र में निरंतर सहयोग किया जा रहा है। रूरल डेवलपमेंट सेंटर में नवोदय, NTSE, STSE, NMMS सहित कक्षा 8वीं से 12वीं तक की विषयवार कक्षाएं तथा CUET, CET, BSTC, PTET, REET, पटवारी एवं पुलिस भर्ती जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं की निःशुल्क तैयारी कराई जा रही है।
कार्यक्रम का संचालन विशाल कुमार आलड़िया ने किया। आयोजन में मनीष आमेटा, कृष्णा जायसवाल, वंदना मेनारिया, योगेश सुथार एवं जिनेंद्र सामरिया का सहयोग रहा।