मनासा। सोनी महिला मंडल द्वारा आयोजित गणगौर चल समारोह रविवार को अत्यंत श्रद्धा, भक्ति एवं उत्साह के साथ धूमधाम से सम्पन्न हुआ। यह भव्य शोभायात्रा सोमनाथ महादेव मंदिर से प्रारंभ होकर बम्बई वालों की धर्मशाला तक निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में महिलाओं एवं समाजजनों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
चल समारोह में महिलाओं ने पारंपरिक वेशभूषा लहंगा-चुनरी धारण कर सोलह श्रृंगार के साथ सहभागिता की। सिर पर गणगौर माता की प्रतिमा धारण कर महिलाएं भजन-कीर्तन एवं मंगल गीत गाते हुए आगे बढ़ रही थीं, जिससे पूरे मार्ग में भक्तिमय एवं उत्सवपूर्ण वातावरण बन गया।
यात्रा के दौरान विभिन्न स्थानों पर श्रद्धालुओं द्वारा पुष्पवर्षा कर शोभायात्रा का स्वागत किया गया। कई स्थानों पर नाश्ते एवं स्वल्पाहार की व्यवस्था भी की गई। इस अवसर पर समाज के अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे और आयोजन की सराहना की।
कार्यक्रम के समापन पर विधिवत गणगौर पूजन किया गया, जिसके पश्चात सभी उपस्थितजनों ने स्वल्पाहार ग्रहण किया। सोनी महिला मंडल की अध्यक्ष किरण राजेश सोनी एवं उनकी पूरी टीम के सहयोग से यह आयोजन सफलतापूर्वक सम्पन्न हुआ। अंत में मंडल की ओर से समस्त समाजजनों एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त किया गया।