नीमच। नीमच के उपनगर बघाना में रविवार को विश्व हिन्दू परिषद एवं बजरंग दल के तत्वावधान में 71 फीट लंबी चुनर के साथ भव्य चुनर यात्रा निकाली गई। यात्रा में बड़ी संख्या में महिला, पुरुष एवं बच्चों ने भाग लिया और माता के जयकारों से पूरा क्षेत्र भक्तिमय हो गया।
चुनर यात्रा पूलकितानंद महादेव मंदिर से विधिवत पूजा-अर्चना के साथ प्रारंभ हुई। यात्रा धनेरिया रोड, संतोषी माता गली, अहीर मोहल्ला, फतेह चौक एवं होली चौक सहित विभिन्न प्रमुख मार्गों से होती हुई स्टेशन रोड स्थित कालिका माता मंदिर पहुंची, जहां आरती एवं प्रसाद वितरण के साथ यात्रा का समापन किया गया।
यात्रा के दौरान विभिन्न स्थानों पर श्रद्धालुओं द्वारा पुष्पवर्षा कर स्वागत किया गया। आयोजन में विश्व हिन्दू परिषद एवं बजरंग दल के पदाधिकारियों का मार्गदर्शन रहा। पूरे आयोजन में उत्साह, अनुशासन एवं भक्ति का सुंदर समन्वय देखने को मिला।