मंदसौर। जिले के सीतामऊ थाना क्षेत्र के ग्राम लदुना के समीप रविवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने टक्कर में दोनों वाहन चालक गंभीर रूप से घायल हो गए।

जानकारी के अनुसार मोइन (21) पिता महमूद खान निवासी ग्राम लदुना अपनी टीवीएस स्टार स्पोर्ट बाइक से सीतामऊ की ओर मेले में जा रहा था। इसी दौरान सामने से अर्जुन माली (25) पिता मांगीलाल माली, जो टीवीएस एक्सएल से सीतामऊ से लदुना की ओर आ रहे थे, लदुना के पास अचानक गाय सामने आ जाने से दोनों वाहन अनियंत्रित हो गए और आपस में जोरदार टक्कर हो गई।

पहले सीतामऊ, फिर जिला अस्पताल रेफर-
हादसे के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने दोनों घायलों को तुरंत सीतामऊ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर दोनों को मंदसौर जिला चिकित्सालय रेफर किया गया, जहां उनका उपचार किया जा रहा है।

मोइन की हालत नाजुक, अहमदाबाद रेफर-
डॉक्टरों के अनुसार मोइन के सिर में गंभीर चोट आई है और उसे 6 टांके लगाए गए हैं। शरीर के अन्य हिस्सों में भी अंदरूनी चोटें आई हैं। हालत नाजुक होने के कारण उसे बेहतर उपचार के लिए अहमदाबाद रेफर किया गया है। वहीं अर्जुन माली के सिर, मुंह और पैर में चोटें आई हैं तथा उसके सिर में 8 टांके लगाए गए हैं। फिलहाल उसका उपचार जिला अस्पताल में जारी है।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार दुर्घटना का कारण सड़क पर अचानक गाय के सामने आ जाने से दोनों वाहनों का अनियंत्रित होकर आमने-सामने टकराना बताया जा रहा है।
