प्रतापगढ़। राष्ट्रीय राजमार्ग-56 पर रविवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार दंपति सहित तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि पिकअप चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा सुहागपुरा थाना क्षेत्र में कचोटिया से आगे झनिया पुल के पास हुआ।
थानाधिकारी मनीष वैष्णव ने बताया कि डूंगला वाणी निवासी जीवन लाल (35) अपनी पत्नी चंपा (30) एवं मित्र गुड्डू (26) के साथ बाइक से जा रहा था। इसी दौरान सामने से आ रही एक पिकअप ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और 108 एंबुलेंस की मदद से घायलों को जिला चिकित्सालय पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान जीवन लाल, उसकी पत्नी चंपा और गुड्डू की मृत्यु हो गई।
हादसे में पिकअप चालक असलम खान (30) निवासी मंदसौर भी गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे प्राथमिक उपचार के बाद हालत नाजुक होने पर मंदसौर रेफर किया गया।
पुलिस के अनुसार पिकअप वाहन में मुर्गियां भरी हुई थीं। फिलहाल पुलिस ने दोनों वाहनों को जब्त कर शवों को जिला चिकित्सालय की मोर्चरी में रखवाया है। मामले की जांच जारी है।
थानाधिकारी के अनुसार उक्त जानकारी रविवार शाम लगभग 4.30 बजे प्राप्त हुई।