गरोठ। गरोठ क्षेत्र स्थित प्रसिद्ध दूधाखेड़ी मंदिर में एक श्रद्धालु की अचानक तबीयत बिगड़ने से मृत्यु हो जाने का मामला सामने आया है। घटना के बाद मंदिर परिसर में मौजूद व्यवस्थाओं को लेकर लोगों ने नाराजगी जताई और प्रशासन की तैयारियों पर सवाल उठाए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मंदिर में दर्शन के दौरान एक व्यक्ति को अचानक अटैक आने से उसकी तबीयत गंभीर हो गई। मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत चिकित्सा सहायता के लिए प्रयास किए, लेकिन समय पर एम्बुलेंस उपलब्ध नहीं हो सकी। इसके बाद श्रद्धालु को शासकीय वाहन से अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
स्थानीय लोगों का कहना है कि वर्तमान में नवरात्रि के चलते दूधाखेड़ी मंदिर में मेला लगा हुआ है, जहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं। ऐसे में मंदिर परिसर में पर्याप्त चिकित्सा सुविधा और एम्बुलेंस की व्यवस्था नहीं होना गंभीर लापरवाही मानी जा रही है।
ग्रामीणों और श्रद्धालुओं ने प्रशासन से मांग की है कि मेले के दौरान मंदिर परिसर में स्थायी रूप से एम्बुलेंस, चिकित्सा दल और आवश्यक व्यवस्थाएं उपलब्ध कराई जाएं, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं से बचा जा सके।