नीमच। नीमच के पूर्व विधायक डॉ. संपत स्वरूप जाजू ने नीमच-बांसवाड़ा-दाहोद-नंदुरबार प्रस्तावित रेल लाइन के फाइनल सर्वे को लेकर सांसद एवं विधायक से स्थिति स्पष्ट करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि इस रेल परियोजना में नीमच विधानसभा क्षेत्र की प्रमुख नगर पंचायत जीरन को लेकर क्या निर्णय हुआ है, इसकी जानकारी सार्वजनिक की जानी चाहिए।
डॉ. जाजू ने कहा कि नीमच-मंदसौर के सांसद सुधीर गुप्ता एवं नीमच विधायक दिलीप परिहार बताएं कि फाइनल सर्वे में जीरन क्षेत्र को शामिल करने के संबंध में उन्होंने क्या प्रयास किए हैं और रेल मंत्रालय से इस विषय में क्या चर्चा हुई है।
उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि चित्तौड़गढ़ सांसद सीपी जोशी द्वारा रेल मंत्री को पत्र लिखकर प्रतापगढ़ क्षेत्र के लिए पहल की गई थी, उसी प्रकार नीमच क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों को भी सक्रियता दिखानी चाहिए।
पूर्व विधायक ने कहा कि यदि इस संबंध में कोई तथ्यात्मक पहल की गई है तो उसे सार्वजनिक किया जाए, ताकि क्षेत्र की जनता को सही जानकारी मिल सके। यदि अभी तक कोई पहल नहीं हुई है तो सांसद एवं विधायक को तत्काल रेल मंत्री से संपर्क कर जीरन क्षेत्र की स्थिति स्पष्ट करवानी चाहिए।
उन्होंने कहा कि यह रेल परियोजना क्षेत्र के विकास के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है और इसमें जीरन को शामिल किया जाना आवश्यक है, इसलिए जनप्रतिनिधियों को इस विषय को गंभीरता से लेना चाहिए।