जावी। नीमच जिला मुख्यालय से करीब 12 किलोमीटर दूर स्थित कमल सरोवर की नगरी जावी में जावी-सरवानिया महाराज मार्ग स्थित श्री गुर्जरखेड़ा धाम में चैत्र नवरात्रि के पावन अवसर पर 27 मार्च, शुक्रवार को विशेष धार्मिक आयोजन किए जाएंगे।
मंदिर प्रबंध समिति के अनुसार, महानवमी के उपलक्ष्य में सुबह 11 बजे से कार्यक्रम शुरू होंगे। प्रातःकाल मंदिर में स्थापित देवी-देवताओं का श्रृंगार, वैदिक मंत्रोच्चार के साथ पूजन-अर्चन, हवन, कन्या पूजन और महाआरती का आयोजन किया जाएगा।
इसके बाद दोपहर 12ः15 बजे पाती विसर्जन एवं छमाही भविष्यवाणी का आयोजन होगा। परंपरा अनुसार पंडाजी घनश्याम लौहार के माध्यम से श्री गुर्जरखेड़ा सरकार के अवतरण के बाद अन्य देवताओं का आह्वान किया जाएगा। तत्पश्चात मंदिर की परिक्रमा कर जलकुंभ में पाती विसर्जन किया जाएगा।
मान्यता के अनुसार, इस दौरान पंडाजी के मुख से छमाही भविष्यवाणी की जाती है, जिसमें आगामी छह महीनों में होने वाली घटनाओं, दुर्घटनाओं, कृषि, व्यापार, मौसम और वर्षा सहित जनजीवन से जुड़े विभिन्न विषयों पर संकेत दिए जाते हैं।
मंदिर संरक्षक एवं प्रवक्ता दिलीप पाटीदार ने श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर धर्मलाभ लेने का आह्वान किया है।