प्रतापगढ़। पूर्व जिला महामंत्री भाजपा गजेंद्र चंडालिया ने कहा कि चित्तौड़गढ़-प्रतापगढ़ संसदीय क्षेत्र के सांसद चंद्रप्रकाश जोशी के कार्यकाल में क्षेत्र में विकास के नए आयाम स्थापित हुए हैं। उन्होंने कहा कि आजादी के बाद लंबे समय तक क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करने वाले जनप्रतिनिधियों की तुलना में वर्तमान समय में विकास कार्य तेजी से हुए हैं।
चंडालिया ने बताया कि वे वर्ष 1980 से सामाजिक एवं राजनीतिक क्षेत्र में सक्रिय हैं और उनके अनुभव में सांसद जोशी ने क्षेत्र का सबसे अधिक दौरा किया तथा जनता की समस्याओं को प्राथमिकता से हल कराने का प्रयास किया। उनके अनुसार प्रतापगढ़ क्षेत्र में शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क और रेल सेवा जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य हुए हैं।
उन्होंने कहा कि सांसद के प्रयासों से प्रतापगढ़ में केंद्रीय विद्यालय, नवोदय विद्यालय और पासपोर्ट सेवा से जुड़ी सुविधाएं प्रारंभ हुईं। जनजातीय क्षेत्र के विद्यार्थियों के लिए अरनोद के नागदेड़ा, सुहागपुरा एवं सेमलिया में एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालय स्वीकृत हुए, जिससे शिक्षा के अवसर बढ़े हैं। शहर की यातायात समस्या के समाधान के लिए बायपास निर्माण तथा विभिन्न सड़क मार्गों का विकास भी कराया गया है।
रेल सेवा को लेकर उन्होंने कहा कि नीमच-बांसवाड़ा-दाहोद रेल लाइन को जिला मुख्यालय से जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण प्रगति हुई है और इसके लिए रेल मंत्रालय द्वारा आवश्यक प्रक्रिया आगे बढ़ाई गई है, जिससे क्षेत्र के लोगों को भविष्य में बड़ी सुविधा मिलेगी।
स्वास्थ्य सेवाओं के संबंध में चंडालिया ने बताया कि कोरोना काल के दौरान जिला चिकित्सालय में ऑक्सीजन प्लांट की स्थापना तथा जरूरतमंदों को सहायता उपलब्ध कराना महत्वपूर्ण कदम रहा। इसके साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों में विद्युतीकरण, पेयजल टंकियों का निर्माण और हर घर जल-हर घर नल योजना के तहत जलापूर्ति कार्य तेजी से चल रहा है।
उन्होंने कहा कि सांसद जोशी के नेतृत्व में प्रतापगढ़ जिला विकास की दिशा में निरंतर आगे बढ़ रहा है और आने वाले समय में चल रही परियोजनाएं क्षेत्र के जीवन स्तर में बड़ा बदलाव लाएंगी।- गजेंद्र चंडालिया, पूर्व जिला महामंत्री भाजपा प्रतापगढ़