मनासा। नगर में प्रशासनिक निष्क्रियता और अवैध कब्जों पर कार्रवाई नहीं होने को लेकर भाजपा कार्यकर्ता दिनेश राठौर ने कड़ी नाराजगी जताई है। उन्होंने आरोप लगाया कि बार-बार शिकायतों के बावजूद प्रशासन कोई ठोस कदम नहीं उठा रहा है।
राठौर, जो वार्ड क्रमांक 02 के पार्षद प्रतिनिधि एवं कुशाभाऊ ठाकरे मंडल मनासा के सोशल मीडिया प्रभारी हैं, ने कहा कि देश और प्रदेश में भाजपा की सरकार होने के बावजूद स्थानीय प्रशासन पूरी तरह निष्क्रिय नजर आ रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि मनासा में सरकारी जमीनों पर अवैध कब्जे और निर्माण लंबे समय से जारी हैं, लेकिन संबंधित अधिकारियों द्वारा केवल औपचारिक कार्रवाई कर लीपापोती की जा रही है।
उन्होंने बताया कि शासकीय अस्पताल के पीछे सरकारी भूमि पर 2023 से अवैध कब्जा एवं निर्माण की शिकायत की जा रही है, लेकिन आज तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। इसके अलावा रामपुरा रोड पर नगर परिषद को आवंटित लगभग 3000 वर्गफीट भूमि पर भी अवैध कब्जा होने का आरोप लगाया गया है।
राठौर ने यह भी कहा कि शिकायत करने वालों को डराने-धमकाने की घटनाएं सामने आ रही हैं, जो गंभीर चिंता का विषय है। उन्होंने एसडीएम, तहसीलदार, सीएमओ सहित संबंधित अधिकारियों पर भूमाफिया को संरक्षण देने का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की है।
उन्होंने शासन-प्रशासन से मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी अधिकारियों एवं अवैध कब्जाधारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।