जीरन। ‘जल ही जीवन है’ के संदेश को साकार करते हुए जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत जीरन के वार्ड क्रमांक 13 स्थित प्रतापगढ़ दरवाजा स्थित शिव घाट का कायाकल्प किया गया है। सौंदर्यीकरण के बाद घाट अब आकर्षण का प्रमुख केंद्र बन गया है।
तालाब सौंदर्यीकरण योजना के अंतर्गत घाट की सीढ़ियों को लाल, पीले, नीले और हरे इंद्रधनुषी रंगों से सजाया गया है। साथ ही किनारों की दीवारों और सफेद रंग से सुसज्जित शिव मंदिर ने इस स्थल को और अधिक मनोहारी बना दिया है।
वार्ड पार्षद प्रभा राजेश लखकार के सुझाव पर नगर परिषद ने इस कार्य को प्राथमिकता दी। मुख्य नगर पालिका अधिकारी विकास डावर एवं नपा अध्यक्ष रामकरण सगवारिया के मार्गदर्शन में यह कार्य पूर्ण हुआ।
नगर परिषद ने नागरिकों से अपील की है कि घाट की स्वच्छता बनाए रखें, कचरा या प्लास्टिक न फैलाएं और यहां कपड़े धोने से बचें, ताकि जल की शुद्धता और घाट की सुंदरता बनी रहे।
नगर परिषद द्वारा जीरन तालाब के अन्य घाटों के सौंदर्यीकरण की भी योजना बनाई जा रही है।