चित्तौड़गढ़। जिला कलेक्टर आलोक रंजन ने सोमवार को जिला कारागृह, चित्तौड़गढ़ का निरीक्षण कर बंदियों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं एवं व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने कारागृह में स्वच्छता, सुरक्षा व्यवस्था, भोजन की गुणवत्ता और चिकित्सा सुविधाओं सहित अन्य मूलभूत व्यवस्थाओं की विस्तार से समीक्षा की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि बंदियों को निर्धारित मानकों के अनुरूप सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं तथा परिसर में स्वच्छता और अनुशासन बनाए रखा जाए।
कलेक्टर ने कारागृह में संचालित गतिविधियों की जानकारी लेते हुए बंदियों के पुनर्वास और सुधारात्मक कार्यक्रमों को प्रभावी रूप से संचालित करने पर भी जोर दिया।
इस अवसर पर अतिरिक्त जिला कलेक्टर (भू-अभिलेख) रामचंद्र खटीक, उपखंड अधिकारी बीनू देवल, जेलर एवं अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।