नीमच। महावीर जयंती के अवसर पर मांस-मछली बिक्री पर लगे प्रतिबंध के बावजूद मूलचंद मार्ग स्थित ‘दिल्ली दरबार’ होटल पर मंगलवार रात नगरपालिका ने छापा मारकर कार्रवाई की।
सीएमओ दुर्गा बामनिया को सूचना मिलने पर नपा टीम ने रात करीब 9.30 बजे दबिश दी। मौके से मांस जब्त कर दुकानदार के खिलाफ चालानी कार्रवाई की गई। टीम को देखते ही दुकान पर हड़कंप मच गया।
सीएमओ ने स्पष्ट किया कि धार्मिक पर्वों पर लगाए गए प्रतिबंधों का उल्लंघन किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। नियमों की अवहेलना करने पर भविष्य में सख्त कार्रवाई, यहां तक कि दुकान सील करने की भी चेतावनी दी गई है।