मुरैना। शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र स्थित यादव कॉलोनी वार्ड नंबर 15 के निवासी जूता-चप्पल व्यापारी प्रमोद राठौड़ के साथ 1 करोड़ 24 लाख रुपए की ठगी का मामला सामने आया है। पीड़ित व्यापारी ने आरोप लगाया है कि उसके ही मैनेजर ने विश्वासघात कर पूरी रकम हड़प ली और फरार हो गया।
जानकारी के अनुसार, प्रमोद राठौड़ के यहां मैनेजर के पद पर कार्यरत प्रमोद बंसल (उर्फ कपिल बंसल) पूरे व्यापार का संचालन करता था। उसके कहने पर व्यापारी ने अपना मकान बैंक में गिरवी रखकर करीब 58 लाख रुपए का लोन लिया, साथ ही रिश्तेदारों से भी कर्ज लेकर कुल 1.24 करोड़ रुपए व्यापार में लगाए।
आरोप है कि मैनेजर ने अपने रिश्तेदारों के माध्यम से विभिन्न खातों में रकम ट्रांसफर करवा ली। इसके बाद जब व्यापारी को माल नहीं मिला और संपर्क किया गया, तो आरोपी फरार हो गया।
पीड़ित का कहना है कि वह पिछले 7 महीनों से कोतवाली थाने के चक्कर लगा रहा था, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। जब मैंने एसपी, डीआईजी और कलेक्टर से शिकायत की,तब दो महीने पूर्व एफआईआर दर्ज की गई, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।
व्यापारी ने बताया कि उसने मकान गिरवी रखकर और रिश्तेदारों से कर्ज लेकर यह रकम जुटाई थी। अब कर्जदाता लगातार पैसे वापस मांग रहे हैं, जबकि उसके पास लौटाने के लिए कुछ नहीं बचा है।
पीड़ित ने प्रशासन से जल्द कार्रवाई की मांग करते हुए चेतावनी दी है कि यदि उसे न्याय नहीं मिला, तो वह अपने परिवार सहित कठोर कदम उठाने को मजबूर होगा।