नीमच। कनावटी जेल में बंद एनडीपीएस प्रकरण के विचाराधीन कैदी गुरजीत सिंह (60) निवासी जिला कैथल (हरियाणा) की बुधवार सुबह जिला अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई।

जानकारी के अनुसार गुरजीत सिंह की बुधवार तड़के अचानक तबीयत बिगड़ गई। सूचना मिलते ही जेल प्रशासन ने तत्परता दिखाते हुए जेल प्रहरी के साथ उसे जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां उपचार के दौरान उसकी मृत्यु हो गई।

मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल के शवगृह में रखवाया गया है। परिजनों को सूचना दे दी गई है और उनके आने के बाद पोस्टमार्टम की कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस एवं जेल प्रशासन द्वारा आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है। मौत के कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।
