नीमच। मध्य प्रदेश में मौसम का मिजाज अचानक बदल गया है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने 1 से 4 अप्रैल तक राज्य के कई हिस्सों में तेज आंधी, बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया है। विशेष रूप से ग्वालियर और भिंड सहित कुल 29 जिलों में खराब मौसम की आशंका है। अगले 24 घंटों के दौरान इन इलाकों में तेज हवाओं के साथ बारिश हो सकती है।

15 अप्रैल के बाद भीषण गर्मी की संभावना-
मध्यप्रदेश में 15 अप्रैल के बाद भीषण गर्मी का असर बढ़ने की संभावना है। खासकर ग्वालियर-चंबल क्षेत्र में तापमान सबसे अधिक रहने का अनुमान है, वहीं इंदौर, भोपाल, उज्जैन और सागर संभाग में भी गर्मी का प्रभाव रहेगा।

29 जिलों के लिए जारी किया अलर्ट-
मौसम विभाग ने 1 से 4 अप्रैल तक प्रदेश के कई जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट जारी किया है। बुधवार को इंदौर, उज्जैन, नीमच, मंदसौर, ग्वालियर सहित 29 जिलों में मौसम बदलने की संभावना जताई गई है।

इन जिलों में बदलेगा मौसम का मिजाज-
अगले 24 घंटों में ग्वालियर, भिंड, दतिया, निवाड़ी, टीकमगढ़, छतरपुर, पन्ना, सतना, रीवा, सीधी, सिंगरौली, शहडोल, अनूपपुर, आगर-मालवा, राजगढ़, शाजापुर, सीहोर, खंडवा, बुरहानपुर, खरगोन, इंदौर, उज्जैन, रतलाम, झाबुआ, अलीराजपुर, धार और बड़वानी समेत कई जिलों में मौसम परिवर्तन की संभावना है।

नीमच-मंदसौर और रतलाम में भी होगी बारिश-
पिछले दो दिनों से प्रदेश में मौसम का मिजाज बदला हुआ है। कई जिलों में आंधी-बारिश के साथ ओलावृष्टि भी हुई है। 2 अप्रैल को भोपाल, इंदौर, उज्जैन सहित कई जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया गया है, जिसमें नीमच, मंदसौर और रतलाम भी शामिल हैं।
