नीमच। सांदीपनि विद्यालय नीमच में बुधवार को नवीन शैक्षणिक सत्र 2026-27 का शुभारंभ उत्साह और गरिमामय वातावरण में किया गया। कार्यक्रम पूर्व सांसद सुभाष पटेल एवं भाजपा जिला अध्यक्ष वंदना खंडेलवाल के मुख्य आतिथ्य में आयोजित हुआ।
कार्यक्रम की शुरुआत सरस्वती पूजन एवं अतिथियों के स्वागत से हुई। विद्यालय के प्राचार्य के.एस. जैन ने स्वागत भाषण देते हुए विद्यार्थियों को अनुशासन और लगन के साथ अध्ययन करने के लिए प्रेरित किया। इस दौरान नए विद्यार्थियों का तिलक, माल्यार्पण एवं पुस्तकों के वितरण के साथ स्वागत किया गया।
इस अवसर पर भोपाल में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के मुख्य आतिथ्य में आयोजित राज्य स्तरीय प्रवेश उत्सव का सीधा प्रसारण भी विद्यालय में दिखाया गया, जिसे विद्यार्थियों और अभिभावकों ने उत्साहपूर्वक देखा।
विद्यालय में प्रवेश उत्सव के तहत 30 नए विद्यार्थियों को प्रवेश दिया गया, जबकि कार्यक्रम में लगभग 300 विद्यार्थी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में उप प्राचार्य महेश शर्मा, प्राथमिक प्रधानाध्यापिका मंजुला धीर, विद्यालय स्टाफ, अभिभावक एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी मौजूद रहे। संचालन सोनम शर्मा द्वारा किया गया।
अंत में अतिथियों ने विद्यार्थियों को नए सत्र में लक्ष्य, अनुशासन और परिश्रम के साथ आगे बढ़ने का संदेश दिया।