चित्तौड़गढ़। राजस्थान सरकार द्वारा मंगलवार देर रात जारी 65 आईएएस अधिकारियों की तबादला सूची में चित्तौड़गढ़ जिले की नई कलेक्टर के रूप में डॉ. मंजू की नियुक्ति की गई है। वे जिले की 51वीं कलेक्टर के रूप में कार्यभार संभालेंगी।
डॉ. मंजू मूल रूप से झुंझुनूं (राजस्थान) की निवासी हैं और वर्ष 2016 बैच की आईएएस अधिकारी हैं। प्रशासनिक अनुभव के साथ-साथ उनके पास एमबीबीएस, एमएस एवं डीएनबी (स्त्री रोग विशेषज्ञ) जैसी उच्च चिकित्सा डिग्रियां भी हैं।
उन्होंने अपने प्रशासनिक करियर की शुरुआत उदयपुर से की, जहां उन्होंने सहायक कलेक्टर, वल्लभनगर एसडीएम एवं जिला परिषद सीईओ के रूप में सेवाएं दीं। इसके बाद शाहपुरा जिले की पहली कलेक्टर रहीं तथा श्रीगंगानगर में भी कलेक्टर के रूप में सफल कार्यकाल पूरा किया। चित्तौड़गढ़ उनका तीसरा जिला होगा, जहां वे कलेक्टर के रूप में सेवाएं देंगी।
वहीं, वर्तमान कलेक्टर आलोक रंजन का तबादला जोधपुर कर दिया गया है, जहां वे अब जिला कलेक्टर का दायित्व संभालेंगे। चित्तौड़गढ़ में उनका कार्यकाल लगभग 2 वर्ष, 2 माह और 24 दिन का रहा, जिसकी शुरुआत 7 जनवरी 2024 से हुई थी।
डॉ. मंजू का चिकित्सा पृष्ठभूमि वाला अनुभव स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार के लिए महत्वपूर्ण साबित हो सकता है। साथ ही उदयपुर संभाग में पूर्व अनुभव उन्हें चित्तौड़गढ़ जिले की भौगोलिक एवं सामाजिक परिस्थितियों को समझने में सहायक रहेगा।