चित्तौड़गढ़। राजस्थान सरकार के पूर्व राज्यमंत्री सुरेंद्र सिंह जाड़ावत ने बढ़ती महंगाई और गैस संकट को लेकर केंद्र सरकार की नीतियों पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने मिडिल ईस्ट तनाव और अमेरिका-ईरान के बीच बढ़ते टकराव के संदर्भ में कहा कि देश में महंगाई लगातार बढ़ रही है, जिससे गरीब और मध्यम वर्गीय परिवार प्रभावित हो रहे हैं।
जाड़ावत ने कहा कि आवश्यक वस्तुओं के दाम लगातार बढ़ते जा रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि बाजार में एलपीजी गैस महंगी हो रही है और कुछ स्थानों पर इसकी कालाबाजारी की शिकायतें सामने आ रही हैं। इसके चलते रेस्टोरेंट, ठेलों और ढाबों पर खाद्य पदार्थों के दाम 10 से 25 प्रतिशत तक बढ़ गए हैं। आमजन को रोजमर्रा की जरूरतों के लिए अधिक कीमत चुकानी पड़ रही है।
उन्होंने आरोप लगाया कि उज्ज्वला योजना के तहत दिए गए गैस सिलेंडर कई घरों में खाली पड़े हैं और ग्रामीण क्षेत्रों में लोग फिर से लकड़ी के चूल्हों पर निर्भर हो रहे हैं।
जाड़ावत ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों के बीच सरकार को महंगाई नियंत्रण और आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति बनाए रखने के लिए ठोस कदम उठाने चाहिए। उन्होंने सरकार से मांग की कि वर्तमान हालात को लेकर स्पष्ट नीति सामने लाई जाए, ताकि आमजन को राहत मिल सके।
उन्होंने यह भी कहा कि विपक्ष का कर्तव्य है कि वह जनता की समस्याओं को उठाए और सरकार को आगाह करे।