मंदसौर। जिले के सभी शासकीय विद्यालयों में गुरुवार को उत्साहपूर्वक प्रवेश उत्सव कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के पूजन-अर्चन के साथ किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जिला पंचायत अध्यक्ष दुर्गा विजय पाटीदार, नगर पालिका उपाध्यक्ष नम्रता प्रीतेश चावला, पार्षदगण, जिला शिक्षा अधिकारी टेरेसा मिंज एवं बीआरसी रामेश्वर डांगी उपस्थित रहे।
इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष दुर्गा पाटीदार ने विद्यार्थियों से एकाग्रता के साथ अध्ययन कर उज्ज्वल भविष्य बनाने का आह्वान किया। जिला शिक्षा अधिकारी टेरेसा मिंज ने छात्राओं को निरंतर अध्ययन के लिए प्रेरित किया, वहीं नम्रता चावला ने छात्राओं को हर परिस्थिति में आगे बढ़ने और आधुनिक तकनीकों, विशेषकर एआई, का अपने करियर में उपयोग करने की सलाह दी।
कार्यक्रम के दौरान अतिथियों की उपस्थिति में विद्यार्थियों को निरूशुल्क पाठ्यपुस्तकों एवं साइकिलों का वितरण किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय स्टाफ, अभिभावक एवं छात्र-छात्राओं की सक्रिय सहभागिता रही, जिससे पूरे जिले में उत्सव जैसा माहौल बना रहा।