चित्तौड़गढ़। कोतवाली निम्बाहेड़ा पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए नाकाबंदी के दौरान 82 ग्राम अवैध स्मैक बरामद कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से तस्करी में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी जब्त की है।
जिला पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि पुलिस मुख्यालय के निर्देशानुसार मादक पदार्थों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मुख्यालय गजेंद्र सिंह एवं वृत्ताधिकारी निम्बाहेड़ा शिवप्रकाश टेलर के निर्देशन तथा थानाधिकारी प्रवीण टांक के सुपरविजन में पुलिस टीम गठित की गई थी।
पुलिस टीम ने शुक्रवार को जलिया चौक पोस्ट हाईवे रोड पर नाकाबंदी की। इस दौरान नीमच की ओर से आ रही एक संदिग्ध मोटरसाइकिल को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन चालक ने मोटरसाइकिल वापस मोड़कर भागने का प्रयास किया। पुलिस ने घेराबंदी कर मोटरसाइकिल को रुकवाया और चालक से पूछताछ की।
पूछताछ में चालक ने अपना नाम महेश पिता प्रहलाद, उम्र 28 वर्ष, निवासी कुचड़ोद थाना अफजलपुर, जिला मंदसौर (मध्यप्रदेश) बताया। पुलिस ने नियमानुसार मोटरसाइकिल की तलाशी ली, जिसमें पेट्रोल टंकी के कवर में छिपाकर रखी गई पारदर्शी पॉलीथिन थैली से 82 ग्राम अवैध स्मैक बरामद हुई।
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले में मादक पदार्थ की सप्लाई के स्रोत एवं नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के संबंध में पूछताछ की जा रही है।