नीमच। जिले में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना रतनगढ़ की जाट पुलिस चौकी टीम ने कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 2 किलो 225 ग्राम अवैध अफीम बरामद की है। पुलिस ने अफीम के साथ तस्करी में प्रयुक्त मोटरसाइकिल एवं मोबाइल भी जब्त किया है।
पुलिस के अनुसार, पुलिस मुख्यालय भोपाल द्वारा चलाए जा रहे नशा विरोधी अभियान के तहत पुलिस उप महानिरीक्षक रतलाम रेंज निमिष अग्रवाल, पुलिस अधीक्षक नीमच राजेश व्यास, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हेमलता अग्रवाल एवं एसडीओपी जावद हर्ष राठौर के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई की गई।
31 जुलाई 2026 को जाट पुलिस चौकी टीम रतनगढ़-जाट रोड पर गश्त एवं चेकिंग कर रही थी। इस दौरान एक संदिग्ध व्यक्ति को मोटरसाइकिल सहित रोककर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान आरोपी की टी-शर्ट के नीचे छिपाकर रखी प्लास्टिक की थैली से 2 किलो 225 ग्राम अवैध अफीम बरामद हुई।
पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के प्रावधानों के तहत कार्रवाई करते हुए आरोपी अंशुल पिता जगदीशचंद्र धाकड़ (24 वर्ष), निवासी सूखपुरा, तहसील बिजोलिया, जिला भीलवाड़ा (राजस्थान) को गिरफ्तार किया।
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी ने यह अफीम किसी अन्य व्यक्ति से प्राप्त की थी और इसे आगे सप्लाई करने जा रहा था। मामले में अफीम उपलब्ध कराने वाले एवं प्राप्त करने वाले अन्य व्यक्तियों को भी प्रकरण में सह आरोपी बनाया गया है। पुलिस द्वारा मामले में आगे की जांच की जा रही है।
जब्त सामग्री-
2 किलो 225 ग्राम अवैध अफीम (कीमत करीब 12 लाख 25 हजार रुपये)
एक बिना नंबर की होंडा सीबी ट्विस्टर मोटरसाइकिल (कीमत करीब 30 हजार रुपये)
एक एंड्रॉयड मोबाइल फोन (कीमत करीब 25 हजार रुपये)
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी रतनगढ़ निरीक्षक भूरालाल भाबर, जाट चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक नरेंद्र सिंह राठौर एवं पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।