नीमच। नगर पालिका परिषद नीमच द्वारा शहर में जारी विकास कार्यों की श्रृंखला के अंतर्गत गुरुवार को गौधाम बालाजी मार्ग के सड़क सौंदर्यीकरण कार्य का भूमि पूजन किया गया। यह कार्यक्रम हनुमान जन्मोत्सव के शुभ अवसर पर आयोजित हुआ।
वार्ड क्रमांक 34 अंतर्गत ब्रह्माकुमारी आश्रम से गौधाम बालाजी तक बनने वाली इस सड़क के सौंदर्यीकरण पर लगभग 48.27 लाख रुपए की लागत आएगी। प्रस्तावित सड़क करीब 300 मीटर लंबी और साढ़े 11 मीटर चौड़ी बनाई जाएगी। इसके साथ ही नाली निर्माण एवं पेवर ब्लॉक लगाने का कार्य भी किया जाएगा, जिससे क्षेत्र में यातायात सुविधा बेहतर होने के साथ-साथ सौंदर्यीकरण भी होगा।
भूमि पूजन कार्यक्रम में विधायक दिलीप सिंह परिहार, नगर पालिका अध्यक्ष स्वाति गौरव चोपड़ा सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। इस अवसर पर विधायक परिहार ने कहा कि नीमच नगरपालिका एवं विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्य तेजी से किए जा रहे हैं। उन्होंने गौधाम बालाजी क्षेत्र में व्यायामशाला निर्माण के लिए 25 लाख रुपए देने की घोषणा भी की।
नगर पालिका अध्यक्ष स्वाति चोपड़ा ने कहा कि शहर को सुंदर, स्वच्छ एवं विकसित बनाने के लिए नगर पालिका परिषद युद्ध स्तर पर कार्य कर रही है और सड़कों के निर्माण व सौंदर्यीकरण के कार्य लगातार जारी हैं। उन्होंने विपक्ष के आरोपों को निराधार बताते हुए कहा कि ऐसे आरोपों का कोई आधार नहीं है।
कार्यक्रम में भाजपा पिछड़ा मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष पवन पाटीदार, जिला प्रभारी सुभाष पटेल, वंदना खंडेलवाल, हेमंत हरित, आदित्य मालू, निलेश पाटीदार, मोहन सिंह राणावत, सीएमओ दुर्गा बामनिया, सुरेंद्र जैन, सविता दीदी, श्रुति बहन सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन विजय बाफना ने किया, जबकि आभार शारदा पाटनी ने व्यक्त किया।