पिपलियामंडी। कर्नाटक के राज्यपाल थावरचंद गेहलोत का गुरुवार को पिपलियामंडी आगमन हुआ, जहां उन्होंने भाजपा नेता एवं अखिल भारतीय पोरवाल युवा संगठन के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष दिनेश पोरवाल के निवास पर आयोजित पारिवारिक कार्यक्रम में भाग लिया। राज्यपाल के आगमन को लेकर नगर में उत्साह का माहौल देखने को मिला।
जैसे ही राज्यपाल कार्यक्रम स्थल पर पहुंचे, दिनेश पोरवाल एवं उनके परिजनों ने पुष्पवर्षा कर उनका भव्य स्वागत किया। इस दौरान मंच पर उपस्थित भाजपा के वरिष्ठ नेताओं, पदाधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों ने भी पुष्पमालाएं पहनाकर उनका अभिनंदन किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में समाजजन एवं आम नागरिक उपस्थित रहे, जिन्होंने राज्यपाल से भेंट कर उनका स्वागत किया।
आयोजन के दौरान राज्यपाल ने परिवारजनों से आत्मीय मुलाकात कर उन्हें शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम में पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ अतिथियों का सम्मान किया गया, जिससे माहौल पूरी तरह उत्सवमय बना रहा।
वहीं सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद नजर आया। कार्यक्रम स्थल पर वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे तथा बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया, जिससे आयोजन शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हुआ।
नगरवासियों ने राज्यपाल के इस आगमन को गौरव का क्षण बताया। उनकी उपस्थिति से कार्यक्रम की गरिमा और अधिक बढ़ गई।