नीमच। कलेक्टर हिमांशु चंद्रा ने गुरुवार को पशु चिकित्सा पॉलीक्लिनिक एवं उपसंचालक पशुपालन कार्यालय, नीमच का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने पशुपालन विभाग द्वारा संचालित गतिविधियों एवं व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा विभिन्न कार्यों के लिए स्थल निरीक्षण भी किया।
कलेक्टर ने सीएसआर मद के अंतर्गत पशु चिकित्सा पॉलीक्लिनिक में डिजिटल एक्स-रे मशीन उपलब्ध कराने हेतु महाप्रबंधक उद्योग को आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए, जिससे पशुओं के उपचार में आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध हो सकें।
इस दौरान कलेक्टर ने पशुपालन कार्यालय में कामधेनु योजना के अंतर्गत स्वीकृत, वितरित एवं प्रक्रियाधीन प्रकरणों की समीक्षा की। उन्होंने बैंकर्स के साथ आयोजित बैठक में हितग्राहियों से सीधे संवाद कर उन्हें आ रही समस्याओं की जानकारी ली।
कलेक्टर ने बैंकों को निर्देशित किया कि वे हितग्राहियों के प्रकरणों का शीघ्र निराकरण करते हुए अधिक से अधिक मामलों को स्वीकृत कर वितरण सुनिश्चित करें, ताकि योजनाओं का लाभ समय पर पात्र लोगों तक पहुंच सके।