देवास। चाकू की नोक पर बर्फ गोला बेचने वाले से हुई सनसनीखेज लूट का पुलिस ने महज 24 घंटे में खुलासा कर दिया। वारदात जनता द्वारा लगाए गए कैमरों में कैद हुई थी, जिसका फुटेज साझा होने पर लोगों ने ही आरोपी की पहचान कर ली।
पूरे मामले का खुलासा पुलिस अधीक्षक पुनीत गेहलोद ने प्रेस वार्ता में किया। थाना सतवास पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया और लूटा गया संपूर्ण मश्रुका शत-प्रतिशत बरामद कर लिया।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) सौम्या जैन के मार्गदर्शन एवं एसडीओपी कन्नौद आदित्य तिवारी के निर्देशन में थाना प्रभारी निरीक्षक विक्रांत झाझोट के नेतृत्व में गठित टीम ने यह सफलता हासिल की।
“ऑपरेशन त्रिनेत्रम” और डिजिटल पुलिस मित्र की सक्रिय भूमिका के चलते इस हाई-प्रोफाइल लूट कांड का तेजी से खुलासा संभव हो सका।
देवास पुलिस अधीक्षक ने बताया कि “ऑपरेशन त्रिनेत्रम” और 22 हजार से अधिक डिजिटल पुलिस मित्रों के नेटवर्क के जरिए घटनाओं के फुटेज तुरंत साझा किए जा रहे हैं, जिससे जनता खुद आरोपियों की पहचान में मदद कर रही है। पूर्व में टोंकखुर्द बैंक लूट (32 लाख) का खुलासा भी इसी सिस्टम से 24 घंटे में हुआ था। पुलिस ने नागरिकों से अधिक से अधिक कैमरे लगाने और डिजिटल पुलिस मित्र ग्रुप से जुड़कर सहयोग की अपील की है।