खरगोन। जिले में औद्योगिक संस्थानों की मनमानी के खिलाफ श्रमिकों का आक्रोश बढ़ता जा रहा है। वेतन, बोनस और एरियर भुगतान जैसी समस्याओं को लेकर श्रमिक श्रम विभाग कार्यालय पहुंचे और अपनी शिकायत दर्ज कराई।
खरगोन जिले में संचालित औद्योगिक संस्थानों में अव्यवस्था, अनियमितता और मनमानी की शिकायतें लगातार सामने आ रही हैं। श्रमिकों का आरोप है कि उन्हें उनके अधिकारों से वंचित किया जा रहा है और समय पर वेतन, बोनस व एरियर का भुगतान नहीं किया जा रहा।
गुरुवार को जिला मुख्यालय स्थित श्रम विभाग कार्यालय पहुंचे श्रमिकों ने पावर लिंकर कंपनी चेन्नई के खिलाफ जोरदार आक्रोश व्यक्त किया। श्रमिकों ने बताया कि वे लंबे समय से अपनी आर्थिक समस्याओं को लेकर परेशान हैं, लेकिन संबंधित विभाग के अधिकारियों द्वारा कोई ठोस कार्रवाई नहीं की जा रही।
श्रमिकों का कहना है कि लगातार शिकायतों के बावजूद समाधान नहीं मिलने से उनकी चिंता बढ़ती जा रही है। उन्होंने प्रशासन से जल्द से जल्द समस्या का समाधान कराने की मांग की है।