खरगोन। जिले के ग्राम अघावन में उस समय उत्साह और श्रद्धा का अनूठा संगम देखने को मिला, जब मनोज यादव के निवेदन पर भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस कमेटी के राष्ट्रीय नेता सत्यनारायण पटेल हेलीकॉप्टर से ग्राम पहुंचे। उनके आगमन पर ग्रामीणों ने गाड़ियों के काफिले के साथ मंदिर चौक तक भव्य रैली निकाली। ढोल-ताशों की गूंज और जोरदार नारों के बीच पूरे क्षेत्र में उत्सव जैसा माहौल बन गया।
इस अवसर पर पटेल ने स्वर्गीय सुभाष यादव की जयंती पर श्रद्धांजलि अर्पित की। उनके साथ अरुण यादव और सचिन यादव सहित अन्य नेताओं ने भी पुष्प अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि दी।
कार्यक्रम में पूर्व विधायक परसराम डंडीर, मनोज भाई, बुधनी से चुनाव लड़ चुके विक्रम दद्दा, दीपु यादव सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। इंदौर से आए दीपु यादव ने कहा कि सुभाष यादव ने निमाड़ क्षेत्र के विकास में ऐतिहासिक योगदान दिया है, जिसके चलते आज यह क्षेत्र समृद्ध और विकसित दिखाई देता है। उनके कार्यों को कभी भुलाया नहीं जा सकता।
अपने संबोधन में सत्यनारायण पटेल ने निमाड़ के विकास की चर्चा करते हुए कहा कि नर्मदा किनारे बसे गांवों में आज जो समृद्धि नजर आती हैकृचाहे वह आधुनिक वाहन हों, ट्रैक्टरों की बढ़ती संख्या हो या बहुमंजिला मकानकृयह सब किसानों की मेहनत और सशक्त नेतृत्व का परिणाम है। उन्होंने कहा कि इस विकास की नींव रखने में सुभाष यादव की महत्वपूर्ण भूमिका रही, जिन्होंने नर्मदा के जल को गांव-गांव तक पहुंचाने का प्रयास किया और निमाड़ को हरित क्रांति की दिशा में आगे बढ़ाया।
पटेल ने सुभाष यादव को “निमाड़ का गांधी” बताते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में शुरू हुई विकास यात्रा आज भी निरंतर आगे बढ़ रही है, और यही उनकी सच्ची विरासत है।