रतलाम। पश्चिम रेलवे के रतलाम मंडल में पेंशन एवं पारिवारिक पेंशन से संबंधित समस्याओं के निराकरण के लिए 15 जून 2026 (सोमवार) को पेंशन अदालत का आयोजन किया जाएगा। इसके लिए आवेदन करने की अंतिम तिथि 30 अप्रैल 2026 निर्धारित की गई है।
मंडल के जनसंपर्क अधिकारी मुकेश कुमार द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, रतलाम मंडल से सेवानिवृत्त रेल कर्मचारी एवं उनके आश्रित, जिन्हें पेंशन प्राप्त हो रही है और जिनकी पेंशन में किसी प्रकार की विसंगति है, वे इस पेंशन अदालत में अपनी शिकायत दर्ज करा सकते हैं।
पेंशन अदालत में पेंशन समय पर नहीं मिलना, राशि में कमी या वृद्धि, पेंशन बंद हो जाना या कटौती जैसे मामलों का निराकरण किया जाएगा। हालांकि, नीतिगत मामलों, अनुकंपा नियुक्ति, जन्मतिथि संशोधन, सेवा कालीन चयन या अनुशासनात्मक कार्रवाई से जुड़े मामलों पर विचार नहीं किया जाएगा।
इच्छुक पेंशनभोगी 30 अप्रैल 2026 तक अपना लिखित आवेदन वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी (पेंशन अदालत जून 2026), स्थापना/निपटारा अनुभाग, मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय, दो बत्ती चौराहा, रतलाम को भेज सकते हैं।
पेंशनभोगियों को 15 जून को प्रातः 11 बजे तक आवश्यक दस्तावेजों के साथ मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय परिसर स्थित एनेक्सी हॉल में उपस्थित होना होगा। शिकायत व्यक्तिगत रूप से या परिवार के सदस्य के माध्यम से प्रस्तुत की जा सकती है। अशिक्षित, विधवा या नाबालिग पेंशनभोगियों को आवश्यकता होने पर प्रशासन द्वारा सहायता भी उपलब्ध कराई जाएगी।