खनियांधाना। नगर में हनुमान जन्मोत्सव का पर्व पूरी आस्था और हर्षाेल्लास के साथ मनाया गया। इस विशेष अवसर पर नगर का प्राचीन टेकरी हनुमान मंदिर आकर्षण का केंद्र रहा, जिसे फूलों और बिजली की आकर्षक लड़ियों से बिल्कुल किसी दुल्हन की तरह सजाया गया था। पूरे मंदिर परिसर को रंग-बिरंगे गुब्बारों से भव्य रूप में सजाया गया, जिसकी सुंदरता देखते ही बन रही थी। मंदिर की इस मनमोहक सजावट को निहारने और दर्शन करने के लिए सुबह से ही भक्तों का भारी तांता लगा रहा इसी दिव्य स्थान से एक विशाल चल समारोह प्रारंभ हुआ, जिसमें हजारों की संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। यह चल समारोह प्राचीन टेकरी मंदिर से शुरू होकर पुरानी नगर पालिका चौराहा और गांधी चौक पहुंचा, जहाँ से हिंद गली और मुसाहिब मोहल्ला होते हुए छोटे जैन मंदिर की ओर बढ़ा। नगर के मुख्य मार्गों से भ्रमण करते हुए यह जुलूस पुनः अपने उद्गम स्थल प्राचीन टेकरी मंदिर पर जाकर संपन्न हुआ। पूरे भ्रमण मार्ग के दौरान भक्ति का अद्भुत माहौल रहा। श्रद्धालुओं ने अपने घरों और दुकानों के सामने खड़े होकर बड़े उत्साह के साथ हनुमान जी की आरती उतारी और प्रसाद चढ़ाया नगरवासियों ने अपने घरों के बाहर सुंदर और आकर्षक रंगोलियां सजाई थीं। डीजे और ढोल-नगाड़ों की गूंज पर श्रद्धालु जमकर थिरके, जिससे पूरा नगर हनुमान जी की भक्ति के रंग में सराबोर नजर आया। चल समारोह के वापस टेकरी मंदिर पहुँचने पर भगवान की विशेष पूजा-अर्चना की गई और फिर भव्य महाआरती संपन्न हुई, जिसके पश्चात सभी भक्तों को प्रसाद वितरित किया गया।