रतलाम/जावरा। जावरा विधानसभा क्षेत्र में स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार लगातार जारी है। विधायक डॉ. राजेंद्र पांडेय के प्रयासों से सिविल अस्पताल जावरा को दूसरी पोर्टेबल हैंडहेल्ड एक्स-रे मशीन प्राप्त हुई है, जिससे टीबी उन्मूलन अभियान को गति मिलेगी।
प्रभारी सुपरवाइजर शैलेन्द्र कुमार दवे ने बताया कि पूर्व में भी अस्पताल में डिजिटल एक्स-रे मशीन उपलब्ध कराई गई थी, लेकिन मरीजों की बढ़ती संख्या और टीबी मुक्त अभियान के तहत अतिरिक्त मशीन की आवश्यकता महसूस की जा रही थी। इस पर विधायक डॉ. पांडेय ने उपमुख्यमंत्री एवं स्वास्थ्य मंत्री राजेंद्र शुक्ल से चर्चा कर मशीन स्वीकृत करवाई।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. संध्या बेलसरे के मार्गदर्शन में सीबीएमओ डॉ. शंकरलाल खराड़ी एवं सिविल अस्पताल प्रभारी डॉ. दीपक पालड़िया के निर्देशन में राष्ट्रीय क्षय उन्मूलन कार्यक्रम के तहत 24 मार्च 2026 से 100 दिवसीय “टीबी मुक्त भारत अभियान” संचालित किया जा रहा है।
करीब 27 लाख रुपए की लागत वाली यह पोर्टेबल एक्स-रे मशीन अब शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में घर-घर जाकर टीबी स्क्रीनिंग में उपयोगी साबित होगी। इससे संभावित टीबी मरीजों का एक्स-रे उनके घर पर ही किया जा सकेगा।
गुरुवार से जावरा शहरी क्षेत्र में वार्डवार सूक्ष्म कार्ययोजना के तहत 100 दिनों तक यह सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। इसी क्रम में वार्ड क्रमांक 4 स्थित आंगनवाड़ी केंद्र क्रमांक 32 में शिविर आयोजित कर 32 संभावित मरीजों के निरूशुल्क एक्स-रे किए गए, जिनका परीक्षण डॉ. इरफान पठान द्वारा किया गया।
मशीन की स्वीकृति पर स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए विधायक डॉ. पांडेय के प्रति आभार व्यक्त किया।