नीमच। नगर पालिका परिषद नीमच का स्विमिंग पूल 5 अप्रैल से आमजन के लिए प्रारंभ किया जाएगा। स्विमिंग पूल को शुरू करने के लिए साफ-सफाई सहित अन्य आवश्यक तैयारियां अंतिम चरण में हैं। नगर पालिका के अनुसार, पूर्व वर्ष की तरह इस बार भी स्विमिंग पूल में प्रवेश केवल मासिक पास धारकों के लिए ही रहेगा। मासिक पास का शुल्क 1000 निर्धारित किया गया है, जिसके माध्यम से इच्छुक नागरिक तैराकी का लाभ ले सकेंगे।
महिला-पुरुषों के लिए अलग-अलग समय निर्धारित
स्विमिंग पूल प्रभारी उपयंत्री अरविंद सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि तैराकी के लिए समय निर्धारण इस प्रकार किया गया है- महिलाओं के लिएरू प्रातः 6 से 7 बजे एवं सायं 6 से 7 बजे, पुरुषों के लिएरू प्रातः 7 से 8, 8 से 9, 9 से 10 बजे तथा शाम 4 से 5 एवं 5 से 6 बजे। उन्होंने बताया कि प्रत्येक सोमवार को स्विमिंग पूल रखरखाव के लिए बंद रहेगा।
पास बनवाने के लिए शर्तें अनिवार्य-
तैराकी के इच्छुक महिला एवं पुरुषों को मासिक पास के लिए आवेदन पत्र के साथ शपथ पत्र देना होगा, जिसमें यह उल्लेख रहेगा कि वे स्विमिंग पूल के सभी नियमों का पालन करेंगे तथा किसी भी दुर्घटना की जिम्मेदारी स्वयं की होगी। पास बनवाने हेतु आवेदकों को आधार कार्ड, दो पासपोर्ट साइज फोटो एवं 1000 शुल्क जमा करना होगा। आवेदन पत्र स्विमिंग पूल परिसर से प्राप्त किए जा सकते हैं।
भविष्य में होगा स्विमिंग पूल का रिनोवेशन-
स्विमिंग पूल प्रभारी ने बताया कि नगर पालिका अध्यक्ष स्वाति गौरव चोपड़ा, मुख्य नगर पालिका अधिकारी दुर्गा बामनिया एवं जलकल सभापति छाया जायसवाल की उपस्थिति में आयोजित बैठक में स्विमिंग पूल के रिनोवेशन का निर्णय लिया गया है। वर्तमान में पूल की गहराई लगभग 18 फीट है, जो वर्तमान मानकों के अनुसार अधिक है। इसे कम करने के लिए आगामी समय में कार्य प्रारंभ किया जाएगा।
आवेदन प्रक्रिया शुरू-
स्विमिंग पूल के लिए मासिक पास बनाने की प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है। इच्छुक नागरिक स्विमिंग पूल परिसर से आवेदन प्राप्त कर आवश्यक दस्तावेजों के साथ जमा कर अपना पास बनवा सकते हैं।