शहडोल। प्रदेश में भ्रष्टाचार के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देशों के बीच लोकायुक्त संभाग रीवा की टीम ने शहडोल जिले में एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। जिले के जयसिंहनगर थाना में पदस्थ सहायक उप निरीक्षक (ASI) ऐहसान खान को जमानत के नाम पर रिश्वत मांगने के मामले में लोकायुक्त ने पकड़ लिया है।
मामले की शिकायत ग्राम गंधियां पोस्ट अमझोर निवासी हरी दीन साहू ने 30 मार्च को लोकायुक्त कार्यालय रीवा में की थी, शिकायत में बताया गया कि उसके भाई श्रवण कुमार साहू की सड़क दुर्घटना में मौत के बाद विरोध प्रदर्शन करने पर पुलिस ने 18 लोगों पर चक्का जाम का मामला दर्ज कर लिया था, आरोप है कि इस प्रकरण में जमानत दिलाने के एवज में ASI ऐहसान खान द्वारा प्रति व्यक्ति 2500 रुपए की रिश्वत मांगी जा रही थी, शिकायत मिलने के बाद लोकायुक्त पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में मामले का सत्यापन कराया गया,जांच के दौरान आरोपी द्वारा शिकायतकर्ता से 2 हजार रुपए की रिश्वत लेना प्रमाणित हुआ। साथ ही अन्य आरोपियों से भी पैसे की मांग किए जाने की पुष्टि हुई, सत्यापन के बाद लोकायुक्त टीम ने आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 (संशोधित 2018) की धारा 7 के तहत मामला दर्ज कर लिया है और आगे की विवेचना शुरू कर दी गई है। यह कार्रवाई महानिदेशक लोकायुक्त योगेश देशमुख के निर्देश और पुलिस महानिरीक्षक मनोज सिंह के मार्गदर्शन में की गई।
लोकायुक्त की इस कार्रवाई से एक बार फिर साफ हो गया है कि प्रदेश में रिश्वतखोरी के खिलाफ सख्ती जारी है और भ्रष्ट अधिकारियों पर लगातार शिकंजा कसा जा रहा है।