मनासा। मनासा थाना क्षेत्र में नाबालिग से छेड़छाड़ की घटना के बाद भड़की हिंसा और आगजनी के मामले में पुलिस ने शुक्रवार को चार आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
पुलिस ने इस पूरे घटनाक्रम में दो अलग-अलग प्रकरण दर्ज किए हैं। पहला प्रकरण नाबालिग से छेड़छाड़ के आरोपी अब्दुल रहमान के खिलाफ दर्ज किया गया है, जबकि दूसरा मामला भीड़ द्वारा पथराव, तोड़फोड़ और आगजनी को लेकर दर्ज किया गया है।
इन आरोपियों को किया गिरफ्तार-
थाना प्रभारी निलेश अवस्थी के अनुसार, देवेंद्र पिता सतनारायण, हरीश खाती पिता राधेश्याम, रामनिवास पिता राधाकिशन एवं अमीर सिंह बंजारा को नामजद कर गिरफ्तार किया गया है। सभी आरोपियों के खिलाफ बलवा, आगजनी और शासकीय कार्य में बाधा सहित गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया गया है।
वीडियो फुटेज से होगी अन्य आरोपियों की पहचान-
एडिशनल एसपी नवल सिंह ने बताया कि घटना के दौरान हुए पथराव और तोड़फोड़ के मामलों की जांच जारी है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज और वीडियो के आधार पर अन्य आरोपियों की पहचान कर रही है, जिन्हें जल्द ही प्रकरण में शामिल किया जाएगा।
मुख्य आरोपी पर पहले ही दर्ज हुआ मामला-
पुलिस के अनुसार छेड़छाड़ के मुख्य आरोपी अब्दुल रहमान के खिलाफ घटना के तुरंत बाद ही मामला दर्ज कर लिया गया था। इसके बावजूद क्षेत्र में तनाव की स्थिति बनी और कुछ लोगों ने कानून हाथ में लेकर शासकीय संपत्ति को नुकसान पहुंचाया। फिलहाल क्षेत्र में स्थिति नियंत्रण में है। शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस द्वारा लगातार गश्त की जा रही है।