भोपाल। आम आदमी पार्टी के मध्यप्रदेश प्रभारी जितेंद्र सिंह तोमर ने भोपाल में पार्टी के नवीन प्रदेश कार्यालय का उद्घाटन किया। इस अवसर पर आयोजित एक दिवसीय राज्य स्तरीय कार्यकारिणी सम्मेलन में प्रदेशभर से पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल हुए। सम्मेलन में दिल्ली से आए 15 सह-प्रभारी भी उपस्थित रहे।
सम्मेलन को संबोधित करते हुए तोमर ने बताया कि संगठन को मजबूत करने के लिए प्रदेश को 13 जोन में विभाजित किया गया है। साथ ही 5 अप्रैल से पूरे प्रदेश में जोन स्तरीय कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजित किए जाएंगे।
तोमर ने कहा कि मध्यप्रदेश में “केजरीवाल मॉडल” को घर-घर तक पहुंचाने के लिए सभी पदाधिकारियों को पूरी निष्ठा और ईमानदारी से कार्य करना होगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि सभी पदाधिकारियों के कार्यों की समय-समय पर समीक्षा की जाएगी।
उन्होंने कहा कि पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अरविंद केजरीवाल को मध्यप्रदेश के कार्यकर्ताओं पर पूरा विश्वास है कि वे प्रदेश में स्वच्छ और ईमानदार राजनीति की नींव रखेंगे।
अपने संबोधन में तोमर ने भाजपा और कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि दोनों दलों ने प्रदेश को बारी-बारी से नुकसान पहुंचाया है। उन्होंने आरोप लगाया कि आज भी प्रदेश की जनता शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और बुनियादी सुविधाओं से वंचित है तथा प्रदेश कर्ज और कुपोषण जैसी समस्याओं से जूझ रहा है।
उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी प्रदेश में एक मजबूत विकल्प के रूप में उभर रही है और आगामी सभी चुनाव पूरी ताकत के साथ लड़ेगी।