नीमच। जिले के विभिन्न विद्यालयों में कलेक्टर हिमांशु चंद्रा के मार्गदर्शन में “भविष्य से भेंट” कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के अंतर्गत कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कुकड़ेश्वर, प्राथमिक विद्यालय पीपली खेड़ा सहित अन्य विद्यालयों में अधिकारियों ने पहुंचकर कक्षा 8 से 12 तक के विद्यार्थियों से संवाद किया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को सफलता के मूल मंत्र बताए गए, जिनमें समय पर पाठ्यक्रम पूर्ण करना, चुनौतियों को स्वीकार करना और सीखने की ललक बनाए रखना प्रमुख रहे। इंटरैक्टिव पैनल के माध्यम से “तरंगों के उतार-चढ़ाव” को समझाते हुए जीवन में आने वाली परिस्थितियों से संतुलन बनाकर आगे बढ़ने के बारे में भी मार्गदर्शन दिया गया।
इस दौरान विद्यार्थियों ने पूरे उत्साह के साथ सहभागिता की और व्याख्यान से प्रेरित हुए। कार्यक्रम में मध्यप्रदेश पश्चिम क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के अधीक्षण यंत्री जयपाल ठाकुर, महाप्रबंधक (उद्योग) योगिता भटनागर, सिविल सर्जन डॉ. महेंद्र पाटील, डॉ. मनीष यादव एवं जल संसाधन विभाग के कार्यपालन यंत्री विमल श्रीवास्तव सहित अन्य जिला अधिकारी उपस्थित रहे। सभी अधिकारियों ने विद्यार्थियों से संवाद कर उनका मार्गदर्शन किया।